Anju Ka Pitara

नेहा की खुशी

आज नेहा की दोबारा शादी हो रही है। निशा अपनी बेटी को खुश देखकर पुरानी यादों से गुज़रती है — और एक नई शुरुआत की खुशी महसूस करती है।

4 मिनट पढ़ें

निशा आज बहुत खुश है। आज उसकी बेटी नेहा की दोबारा शादी हो रही है। रवि नेहा की पसंद है। रवि और नेहा एक ही ऑफिस में काम करते हैं। पहले दोनों की दोस्ती हुई और दो साल बाद अब शादी हो रही है। निशा चाहती है कि नेहा इस शादी में हमेशा खुश रहे।

नेहा को दुल्हन के रूप में देखकर निशा को चार साल पुरानी बातें याद आने लगीं। उस दिन भी नेहा इसी तरह दुल्हन बनी हुई थी। तब आकाश को नेहा और उसके मम्मी-पापा ने पसंद किया था। आकाश का परिवार भी अच्छा था। नेहा और आकाश की शादी बहुत धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद दोनों बहुत खुश थे।


कुछ दिनों बाद आकाश नेहा को अपने साथ दुबई ले गया। शुरू-शुरू में नेहा को वहाँ अच्छा लगा, लेकिन धीरे-धीरे उसे अकेलापन महसूस होने लगा। आकाश सुबह ऑफिस चला जाता और देर शाम लौटता। नेहा का वर्किंग वीजा नहीं था, इसलिए वह नौकरी नहीं कर सकती थी। पूरा दिन घर के काम करते हुए उसका मन घुटने लगा।

जब आकाश घर आता तो नेहा उससे अपनी परेशानी कहती। वह भारत वापस आना चाहती थी और नौकरी भी करना चाहती थी, लेकिन आकाश दुबई छोड़ना नहीं चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़े होने लगे। धीरे-धीरे उनके रिश्ते में दूरियाँ बढ़ती चली गईं।

एक दिन नेहा भारत वापस आ गई। उसने निशा से कहा, “मम्मी, मैं आकाश के साथ नहीं रह सकती। मुझे तलाक चाहिए।”

निशा ने समझाते हुए कहा, “बेटा, छोटी-छोटी बातों पर रिश्ते नहीं तोड़े जाते। सही बात बताओ।”

नेहा ने कहा, “आकाश ने मुझ पर हाथ उठाया था। मैं उससे भारत आने के लिए कह रही थी, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। मैं वहाँ खुश नहीं थी।”

निशा ने बहुत समझाने की कोशिश की, लेकिन नेहा अपना फैसला कर चुकी थी। आखिरकार नेहा और आकाश ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया।


तलाक के बाद नेहा बंगलौर में नौकरी करने लगी। शुरू में वह बहुत चुप-चुप रहती थी। ऑफिस में भी वह किसी से ज्यादा बात नहीं करती थी। उसी ऑफिस में रवि भी काम करता था। धीरे-धीरे रवि और नेहा की दोस्ती हो गई।

कुछ महीनों बाद रवि ने नेहा से कहा, “मैं तुमसे प्यार करता हूँ और तुमसे शादी करना चाहता हूँ।”

नेहा ने गंभीर होकर कहा, “तुम मेरे बारे में सब कुछ नहीं जानते। सच जानने के बाद शायद तुम बदल जाओ।”

रवि ने मुस्कुराकर कहा, “ऐसा कुछ नहीं होगा। जो कहना चाहती हो, खुलकर कहो।”

नेहा ने धीमे स्वर में कहा, “मैं तलाकशुदा हूँ। मेरे पहले पति का नाम आकाश था। हमारा तलाक तीन साल पहले हो चुका है।”

रवि ने बिना झिझक कहा, “तुम्हारे तलाकशुदा होने से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं आज भी तुमसे उतना ही प्यार करता हूँ और तुमसे शादी करना चाहता हूँ।”

नेहा ने कहा, “मुझे थोड़ा समय चाहिए।”

एक हफ्ते बाद नेहा ने रवि से कहा, “मैं भी तुम्हें पसंद करती हूँ। लेकिन शादी के लिए हमें अपने-अपने परिवारों से बात करनी होगी।”


रवि ने अपने मम्मी-पापा को नेहा के बारे में बताया। पहले तो उसकी मम्मी ने कहा, “हमें तलाकशुदा लड़की नहीं चाहिए।”

रवि ने शांत होकर कहा, “एक बार आप उससे मिल तो लीजिए।”

अगले दिन रवि ने नेहा को अपने घर बुलाया। नेहा से मिलकर रवि के मम्मी-पापा को वह बहुत अच्छी लगी। उन्होंने कहा, “अपने मम्मी-पापा से भी मिलवाओ।”

जब नेहा ने अपने मम्मी-पापा को रवि के बारे में बताया तो उन्हें भी रवि पसंद आया। दोनों परिवारों ने मिलकर शादी की तैयारियाँ शुरू कर दीं।

आज रवि और नेहा की शादी अच्छे से संपन्न हो गई। नेहा अब बहुत खुश है। रवि और नेहा दोनों नौकरी के साथ-साथ घर की जिम्मेदारियाँ भी मिलकर निभाते हैं। दोनों एक-दूसरे का ध्यान रखते हैं और हर सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं।

अब निशा को अपनी बेटी की चिंता नहीं होती। अपनी बेटी को खुश देखकर निशा भी बहुत खुश है।

← सभी कहानियों पर वापस